
रांची। कोल्हान टाइगर के नाम से प्रसिद्ध पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अलग पार्टी बनाने का किया है एलान। चंपाई सोरेन के गढ़ उनके गृह जिले में ही 28 अगस्त को झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसकी तैयारी सरायकेला जिला पुलिस प्रशासन ने शुरू कर दी ।
इस कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल की बहन- बेटियों को सीएम हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत राशि देंगे। मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी को लेकर उपायुक्त रविशंकर शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने गम्हरिया प्रखंड के रपचा स्थित फुटबॉल मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, स्टेज निर्माण, हैलीपैड, वाहनों के आवागमन, वाहन पार्किंग आदि के संबंध में बिंदुवार चर्चा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस कार्यक्रम में सरायकेला के साथ पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम के लाभुकों को भी आमंत्रित किया गया है। स्थल निरीक्षण के दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने बताया कि पूरे कोल्हान प्रमंडल समेत सरायकेला -खरसावां जिले से हजारों की संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं का जुटान होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों को मजबूत करने में झामुमो कार्यकर्ता कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।
पूर्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का यह कार्यक्रम कोल्हान प्रमंडल के मुख्यालय पश्चिम सिंहभूम में आयोजित होने वाला था, लेकिन इसे अब सरायकेला के गम्हरिया प्रखंड में आयोजित किया जा रहा है. इससे संबंधित सवाल पूछे जाने पर मंत्री चंपाई सोरेन ने बोलने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि नए अध्याय की शुरूआत हो चुकी है। ऐसे में वह एक ही स्थान पर रह सकते हैं, जिससे जाहिर होता है की चपाई इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
