
पटना । सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दी गई। ये फैसला बढ़ते सड़क हादसों और लोगों की मदद करने में झिझक के चलते लिया गया है। इन हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं। कई बार घायलों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता, जिससे उनकी जान चली जाती है। लोग डरते हैं कि कहीं मामले में फंस ना जाएं इसलिए मदद करने से कतराते हैं। यहां तक कि कई बार हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक भी डर के मारे घायल को छोड़कर भाग जाते हैं। ऐसे हालात से निपटने और लोगों को घायलों की मदद के लिए प्रेरित करने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। बिहार की परिवहन मंत्री शीला मंडल ने बताया कि पहले सड़क हादसों में मदद करने वालों को 5000 रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर 10000 रुपए कर दिया गया है।
बिहार सरकार की परिवहन मंत्री शीला मंडल ने मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जो सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हुए लोगों की मदद करते हैं। वह काफी पुण्य का काम करते हैं। ऐसे लोगों के लिए सरकार की तरफ से भी प्रोत्साहन राशि दोगुनी कर दी गई है। पटना के जदयू दफ्तर में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान शीला मंडल ने कहा कि पहले दुर्घटना के दौरान किसी की मदद करने वाले को 5000 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती थी। अब इसे 10000 रुपए कर दिया गया।
बिहार की परिवहन मंत्री शीला मंडल ने पटना में पत्रकारों से कहा कि दुर्घटना होने के एक घंटे का वक्त किसी की जान बचाने के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में किसी भी व्यक्ति की जान हंड्रेड परसेंट बचाई जा सकती है। उन्होंने बिहार में लोगों से भी मदद की अपील की। शीला मंडल ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त हुए किसी भी व्यक्ति की खुलकर मदद किया करें। ये पुण्य का काम है। हम आप सभी लोग सड़क पर चलते हैं। ऐसे में दुर्घटनाग्रस्त हुए लोगों की मदद खुलकर करनी चाहिए। इससे किसी की जान बचाई जा सकती है।
