
रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अब खुद ओपीडी में बैठकर मरीजों का इलाज करेंगे। मंत्री ने मंगलवार को एक अहम और ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए देश में पहली बार एक मंत्री के रूप में नियमित ओपीडी सेवा देने की घोषणा की। वे आने वाले दिनों में पूरे झारखंड का जिलावार दौरा करेंगे और हर जिले के सदर अस्पताल में प्रतिदिन मरीजों की जांच करेंगे। उनका कहना है कि वे सिर्फ नाम के मंत्री नहीं, बल्कि ग्राउंड पर काम करने वाले डॉक्टर बनकर मरीजों की समस्याओं को नजदीक से समझना चाहते हैं।
डॉ. अंसारी अपने ओपीडी सत्रों के दौरान मरीजों से मुलाकात करेंगे और अस्पतालों की कार्यप्रणाली का भी विस्तार से निरीक्षण करेंगे। इसमें दवाइयों की उपलब्धता, स्टाफ की कमी, सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और अस्पताल के इन्फ्रास्ट्रक्चर की स्थिति शामिल होगी। उन्होंने बताया कि वे डॉक्टरों और नर्सों की शिफ्ट, ड्यूटी टाइम व कार्यशैली की समीक्षा कर उपयुक्त बदलाव लाने की योजना बना रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने किया रिम्स में आकस्मिक निरीक्षण, लापरवाही पर फटकार
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स का अचानक दौरा कर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान पता चला कि कई मरीजों को अपनी दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। इस पर मंत्री ने रिम्स निदेशक और संबंधित डॉक्टरों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के इलाज में कोताही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
