
गुमला। गुमला पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के 6 बाईक बरामद करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में गुमला थाना क्षेत्र के कोटाम गांव निवासी नितेश उरांव, महात्मा उरांव, शिवनगर निवासी सूरज कुमार, लोहरदगा थाना क्षेत्र के हिरही गांव निवासी अभय उरांव व मुकेश उरांव के नाम शामिल है।
गुरूवार को गुमला थाना में प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शांति नगर में पुलिस ने छापामारी की थी। जहां किराये के मकान में रहने वाले महात्मा उरांव और नितेश उरांव को पुलिस ने पकड़ा। साथ ही तीन मोटरसाइकिल बरामद किया गया। दोनों ने बताया कि तीनों बाइक का रजिस्ट्रेशन कार्ड सूरज कुमार को बनाने के लिए दिया गया है। चोरी का और मोटरसाइकिल लोहरदगा निवासी अभय और मुकेश के भी पास है। गुमला, लोहरदगा और रांची से बाइक की चोरी हुई है। फर्जी कागज बनाकर बाइक को ओएलएक्स के माध्यम से बेच देते थे। पुलिस ने दोनों के निशानदेही पर गिरोह के तीन अन्य सदस्य सूरज, अभय और मुकेश को गिरफ्तार किया। साथ ही तीन और मोटरसाइकिल सहित मोबाइल फोन बरामद किये।
पुलिस ने ब्लू रंग का टीभीएस अपाची बाईक, ब्लू रंग का यामहा आर-15, काला व लाल रंग का बजाज कंपनी का पल्सर, हरा रंग का डोमिनार, ग्रे रंग का दो पल्सर बाईक व रेडमी कंपनी का एक मोबाईल एवं दो फर्जी रजिस्ट्रेशन कार्ड बरामद किया है। वहीं बताते चले की बाइक चोर गिरोह में एक कोडरमा का एक सिपाही का बेटा है जिसका नाम अभय उरांव है। छापामारी अभियान में थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह, पुअनि मुनेश तिवारी, पुअनि राजेंद्र मंडल, पुअनि हिमांशु शेखर सिंह, हवलदार रमेश राम, आरक्षी औरंगजेब खान व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
