रांची । बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए तैयार है। अब जरूरत किसी एयरलाइन कंपनी के आगे आने की है। रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद कुमार बताते हैं, अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव मिलने पर कस्टम, इमिग्रेशन सहित आवश्यक सेवाओं को सक्रिय किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय सेवा शुरू होने पर यात्रियों को पासपोर्ट और वीजा जांच, इमिग्रेशन काउंटर, कस्टम जांच, अंतरराष्ट्रीय बैगेज हैंडलिंग, सुरक्षा जांच और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी। इससे झारखंड के यात्रियों के लिए विदेश यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी। इसके लिए रनवे भी थोड़ा लंबा और चौड़ा किया जाएगा।

डायरेक्टर विनोद कुमार ने बताया,अभी हाल में ही राज्य में डूरंड कप आयोजित हुआ था। इसमें हमने अस्थाई रूप से कई सारी सुविधाओं को सक्रिय किया था जैसे इमीग्रेशन, विजा सत्यापन, अंतरराष्ट्रीय बैगेज हैंडलिंग में पूरी तरह सफल परीक्षण रहा। ऐसे में अगर कोई एयरलाइन कंपनी इंटरनेशनल रूट पर उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव भेजती है तो रांची एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने आगे बताया कि परीक्षण के दौरान सुरक्षा, इमीग्रेशन, यात्रियों का दबाव हर चीजों पर रांची एयरपोर्ट खरा उतरा है। अब बस जरूरत है तो किसी विमानन कंपनी के प्रस्ताव की। ऐसे में जो लोग खासतौर पर दिल्ली और मुंबई जाकर अंतरराष्ट्रीय उड़ान से सफर करते हैं, उनको बड़ी सुविधा होगी। विनोद कुमार बताते हैं,रांची एयरपोर्ट में हर दिन 4000 से 5000 यात्री उड़ान भरते हैं। वहीं, कुछ खास मौके या फेस्टिव सीजन पर या वीकेंड के कोई खास दिन पर ये तादाद 6000 तक हो जाती है। साथ ही, रोजाना औसत 45-50 विमान की आवाजाही होती है। तो रांची एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version