रांची। मंत्री दीपक बिरुआ ने शीतकालीन सत्र के दौरान सदन को आश्वस्त किया है कि टाटा कमांड एरिया की लीज की जमीन की अगर पहले रजिस्ट्री होती थी और अब बंद है तो यह क्यों बंद है, किस वजह से बंद है, उसकी सरकार जांच कराएगी।

जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा की विधायक पूर्णिमा साहू के तारांकित प्रश्न के जवाब में सदन में उक्त बातें कहीं। पूर्णिमा साहू ने अपने प्रश्न के माध्यम से टाटा कमांड एरिया की लीज की जमीन की रजिस्ट्री पिछले आठ साल से बंद होने का मामला सदन में उठाया।

उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री बंद होने से सरकार को राजस्व की हानि हो रही है और जनता को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक सरयू राय ने भी पूर्णिमा साहू के सवाल का समर्थन किया, जिसके बाद मंत्री ने उक्त आश्वासन दिया।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बल की कमी जल्द होगी दूर : मंत्री दीपक बिरुआ ने सदन को आश्वस्त किया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बल की कमी को जल्द दूर किया जाएगा। इसके लिए सभी उपायुक्तों से अधियाचना मांगी गई है। जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर पदाधिकारियों-कर्मियों की कमी को दूर किया जाएगा। मंत्री दीपक बिरुआ ने तोरपा से झामुमो के विधायक सुदीप गुड़िया के एक प्रश्न के जवाब में उक्त आश्वासन सदन को दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version