चतरा। सांसद कालीचरण सिंह ने रेल बजट पर अनुदान की मांग पर चर्चा के दौरान अपने संसदीय क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजनाओं को लेकर लोकसभा में मांग रखी।
उन्होंने संसद में मंगलवार को कहा कि यह बजट नए भारत, शक्तिशाली भारत और विकसित भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इस बजट में समाज के हर वर्ग गरीब, किसान, नौजवान और श्रमिकों की आकांक्षाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। सांसद ने कहा कि यह अत्यंत दु:खद और चिंताजनक है कि आजादी के 75 वर्षों बाद भी चतरा जिला मुख्यालय रेल नेटवर्क से नहीं जुड़ सका है।

सांसद ने कहा कि वर्षों से स्थानीय जनता की यह मांग रही है कि उग्रवाद प्रभावित इस क्षेत्र को गया (बिहार) से झारखंड के चतरा होते हुए चंदवा तक रेल सेवा से जोड़ा जाए। इस रेलमार्ग के बनने से क्षेत्र में आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। सांसद ने रेल मंत्री से निवेदन किया कि चतरा-चंदवा रेल मार्ग निर्माण को निश्चित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी मांग रखी।

उन्होंने कहा कि समुचित रेल व्यवस्था नहीं रहने से क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह इलाका उग्रवाद प्रभावित भी है। इससे सुरक्षा और आवागमन की चुनौतियां और बढ़ जाती हैं। उन्होने लोकसभा क्षेत्र के नेतरहाट तक रेल सेवा का विस्तार का मांग उठाया। सांसद ने कहा कि नेतरहाट जो झारखंड का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। वहां तक रेल सेवा बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर नेतरहाट को रेल नेटवर्क से जोड़ा जाता है तो इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सांसद ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से चतरा लोकसभा क्षेत्र में रेलवे सेवाओं का विस्तार होगा। इससे स्थानीय जनता को आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा। उन्होंने रेल मंत्री से जल्द से जल्द इन योजनाओं को स्वीकृति देने की अपील की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version