
रामगढ़। आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य की वर्तमान परिस्थिति में लोग अपनी खतियानी जमीन तक का ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं करा पा रहे हैं। आज एक जमीन को उसके वाजिब मालिक की जगह दूसरे के नाम से ऑनलाइन अपडेट किया जा रहा है। फिर खुद से जानबूझकर किए गए गड़बड़ी को ठीक करने के लिए जमीन के मालिक से अधिकारी मोटी रकम वसूल रहे हैं।
सुदेश कुमार महतो शनिवार काे मांडू प्रखंड के तरवा टांड़, मुरपा, कुज्जू में आयोजित में मांडू विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मलेन सह शपथ ग्रहण समारोह में बाेल रहे थे। मौके पर उपस्थित हज़ारों चूल्हा प्रमुखों ने शपथ ग्रहण की। महतो ने आरोप लगाया कि सरकार जमीन का डेटा ऑनलाइन गड़बड़ी कर डिजिटल डकैती कर रही है। इस अराजक व्यवस्था ने गरीब परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ दिया है। हमारी तैयारी इस व्यवस्था को बदलने की है। इनके आंकड़ों और हिसाब में कोई मेल नहीं है।
उन्हाेंने कहा कि झारखंड आंदोलन को बेचने वाली जेमएएम और खरीदने वाली कांग्रेस ने अपने गलत नीति निर्धारण से राज्य के विकास पर विराम लगा दिया है। 40 साल से सक्रिय राजनीति में रहने वाली पार्टी जेएमएम ने राज्य के हित में कोई काम नहीं किया। राज्य की जनता ने इनकी दूसरी पीढ़ी को नेतृत्व का मौका तो दिया लेकिन इन्होंने अपनी ही जनता को केवल ठगने का काम किया है। जनता को कई महीनों से पेंशन नहीं मिला है, उनके हक के राशन से भी उन्हें वंचित होना पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए लोग सालों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि मांडू के हर परिवार ने राज्य आंदोलन की लड़ाई लड़ी है। मांडू का हर परिवार राज्य के बारे में सोचने वाला है। भूगर्भ संपदा से परिपूर्ण इस क्षेत्र की जनता को आज तक कुछ नहीं मिला। अपार संभावनाओं वाले इस क्षेत्र के युवा दो जून की रोटी के लिए पलायन को विवश हैं। मांडू पिछली बार हुई चूक को नहीं भूला है। मांडू बदलाव के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि चूल्हा प्रमुख एक अटल विचार और मजबूत शक्ति है। हमारा उद्देश्य हर गांव हर घर से जवाबदेह राजनीति तैयार करना है। महिलाओं का आजसू पार्टी के प्रति सबसे अधिक स्नेह और जुड़ाव है। इसकी वजह है कि हमने महिलाओं पंचायत चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण से उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने का काम किया है।
सरकार के दिन अब गिनती के: चंद्र प्रकाश चौधरी
पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव से पहले लोकलुभावन वादों की पोथी लेकर आने वाली हेमंत सरकार ने जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया। इन्होंने जनता को छलने का काम किया है। सरकार चुनाव सामने देख नए-नए वादे कर फिर जनता को भ्रामित करने का प्रयास कर रही है। हम सभी को मिलकर इस सरकार को सत्ता से हटाने का काम करना है। स्थानीय नीति, नियोजन नीति और विस्थापन नीति बनाने का वादा कर सत्ता में आई सरकार ने कोई नीति नहीं बनाई। पांच लाख नौकरी का वादा पूरा न करके युवाओं को ठगने का काम किया है। इस सरकार के दिन अब गिनती के बचे हैं।
इस अवसर पर रामगढ विधायक सुनिता चोधरी, महासचिव एवं गोमिया विधायक लम्बोदर महतो, विजय साहू, तीवारी महतो, विकास राणा, इंतेखाब आलम, संजय यादव, लाल चंद महतो, मुकेश सिन्हा, चन्द्रमणि देवी, भजन लाल महतो इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।