रामगढ़। गिरिडीह जिले के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में उनकी पत्नी रीता कुमारी ने मांडू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने गांव के 10 लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।रबोध गांव निवासी रीता कुमारी ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उनके पति मंगलवार को मांडू थाना क्षेत्र के हुवाग स्थित सियारी टांड़ में अपनी जमीन पर लगे बोरिंग और सबमर्सिबल पंप देखने गए थे। इसी दौरान गांव के रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव उर्फ पप्पम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, विनय कुमार और डोली कुमारी सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने डंडों और ईंटों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।रीता कुमारी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम की साजिश में हुवाग गांव के हेमंत पांडे और दिनेश्वर साव भी शामिल थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना गांव की रहने वाली बबीता देवी की मौजूदगी में हुई। शिकायत के अनुसार, हत्या के बाद आरोपित वहां मौजूद लोगों को धमकी देते हुए मौके से अपने-अपने घरों की ओर फरार हो गए।इस बीच, घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आधा दर्जन से अधिक लोग बालेश्वर पटेल पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग ईंट और डंडों से उनकी पिटाई करते नजर आते हैं, जबकि घटनास्थल पर कुछ महिलाओं की मौजूदगी भी दिखाई देती है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version