रांची। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को धार देते हुए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। सूची में पार्टी के केंद्रीय और राज्यस्तरीय कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है, जो चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जारी सूची में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जुएल उरांव, अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ जैसे दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं।

इनके साथ ही ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों को भी स्टार प्रचारकों की सूची में जगह दी गई है, जिससे साफ है कि पार्टी इस उपचुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है। राज्य स्तर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और रघुवर दास भी प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा झारखंड की राजनीति के अन्य कद्दावर चेहरे–चंपई सोरेन और मधु कोड़ा को भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है।

भाजपा की यह रणनीति साफ संकेत देती है कि घाटशिला उपचुनाव को जीतने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनावी रण में स्टार प्रचारकों की यह टीम मतदाताओं को साधने में अहम भूमिका निभाएगी। पार्टी का फोकस न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों को भी जनता के सामने रखने पर होगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version