पटना। सरकार सोन नदी को फल्गू नदी से जोड़ने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसके तहत करीब नौ किलोमीटर पाइपलाइन और लगभग 22 किलोमीटर नहर की खुदाई के माध्यम से दोनों नदियों को जोड़ा जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद गया क्षेत्र में जल उपलब्धता की समस्या दूर होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई दिल्ली स्थित अशोका होटल में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कारिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (एनआइसीडीआइटी) की शीर्ष मानीटरिंग अथारिटी की तृतीय बैठक में यह जानकारी दी। बैठक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में बिहार में चल रही और प्रस्तावित औद्योगिक, आधारभूत संरचना तथा पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से गया में विकसित किए जा रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आइएमसी) परियोजना पर चर्चा हुई। सरकार इस परियोजना को तेजी से धरातल पर उतारने की तैयारी में है।

एक सप्ताह में मिलेगी भूमि से जुड़ी रिपोर्ट : मुख्यमंत्री ने कहा कि आइएमसी, गया परियोजना के लिए भूमि से संबंधित रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा दी जाएगी। परियोजना क्षेत्र में सड़क और जलापूर्ति से जुड़े जरूरी कार्यों को भी अगले वर्ष से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकेंगी।

दरभंगा-मुजफ्फरपुर की परियोजनाओं पर भी तेजी : मुख्यमंत्री ने ‘भव्या’ योजना के तहत दरभंगा और मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जुड़े कार्यों को एक माह के भीतर पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। इससे दोनों शहरों में प्रस्तावित विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

विष्णुपद और बोधगया कारिडोर का काम भी होगा तेज : मुख्यमंत्री ने कहा कि विष्णुपद मंदिर और बोधगया कारिडोर से जुड़े कार्यों को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। सरकार का फोकस पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने पर है।

निवेश और रोजगार के नए अवसर बनाने की तैयारी : बिहार में औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, जलापूर्ति और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को गति देकर निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

राज्य सरकार सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उनके समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित कर रही है। बैठक में विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version