
नयी दिल्ली: भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अदाणी को 31 मार्च, 2024 को समाप्त वित्त वर्ष में कुल 9.26 करोड़ रुपये का वेतन (पारिश्रमिक) मिला है, जो उद्योग के उनके अन्य समकक्षों की तुलना में काफी कम है।
अदाणी समूह की 10 सूचीबद्ध कंपनियों की वार्षिक रिपोर्ट से पता चलता है कि बंदरगाह-से-ऊर्जा क्षेत्र में कार्यरत समूह की 10 में से केवल दो फर्मों से अदाणी (61) ने वेतन लिया।
समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) से 2023-24 में उन्हें वेतन के रूप में 2.19 करोड़ रुपये और लाभ और अन्य भत्तों के रूप में 27 लाख रुपये प्राप्त हुए।
एईएल की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, 2.46 करोड़ रुपये का उनका कुल वेतन इससे पिछले वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में तीन प्रतिशत अधिक है।
