
पटना। बिहार में धार्मिक पर्यटन को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार प्रमुख मंदिरों और तीर्थस्थलों के व्यापक विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से करा रही है। सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम में माता सीता की जन्मभूमि पर जानकी मंदिर को अयोध्या श्री राम मंदिर की तर्ज पर भव्य रूप दिया जा रहा है। इस परियोजना में मुख्य मंदिर का भव्य निर्माण, लाइब्रेरी, संत निवास, प्रेक्षा गृह, माता जानकी कुंड का विकास और अन्य पर्यटन सुविधाएं शामिल हैं। इसमें पाईलिंग का कम शुरू हो गया है। श्री राम मंदिर डिजाइन टीम की ओर से तैयार किए गए प्लान में पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का सुंदर समन्वय है। इस परियोजना को 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा। यह विकास मिथिला क्षेत्र को वैश्विक आस्था का केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।इसी तरह गया जिले के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में भी विश्व स्तरीय विकास कार्य जोरों पर है। मुख्य भवन का निर्माण, फल्गु नदी के रिवर फ्रंट से मुख्य मंदिर तक 42 मीटर चौड़े पाथवे का निर्माण, बस डिपो विकास और समग्र पाथवे सुधार शामिल हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट की पूर्णता 2027 तक होने वाली है। पिंडदान की परंपरा वाले इस पावन स्थल के विकास से लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा और गया पर्यटन मानचित्र पर और चमक जाएगा।




