
रांची। पलामू के अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर महिला थाना हुसैनाबाद की पुलिस टीम ने गुरुवार को मध्य विद्यालय, जपला में छात्र-छात्राओं के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य बच्चों को अपराध, नशा और सामाजिक कुरीतियों से बचाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग करना रहा।



पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को अनुशासन, नशामुक्ति, साइबर अपराध, मोबाइल के सुरक्षित इस्तेमाल, सोशल मीडिया, गुड टच-बैड टच, छेड़खानी, घरेलू हिंसा और डायन प्रथा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। बच्चों को समझाया गया कि मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी से करें एवं किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
साइबर अपराध से बचाव के लिए फर्जी सोशल मीडिया आईडी, साइबर बुलिंग, संदिग्ध लिंक, आपत्तिजनक संदेश, आॅनलाइन ठगी और अनजान लोगों से आॅनलाइन संपर्क के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी दें।
अभियान के दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी देते हुए अपने शरीर की सुरक्षा और व्यक्तिगत सीमाओं के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी असहज या अनुचित स्पर्श की स्थिति में बच्चे तुरंत विरोध करें और किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।
डायन प्रथा को सामाजिक कुरीति बताते हुए पुलिस ने कहा कि किसी महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करना, मारपीट करना, सामाजिक बहिष्कार करना या हिंसा करना अपराध है। ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को डायल-112 आपातकालीन पुलिस सेवा की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि छेड़खानी, हिंसा, महिला एवं बाल उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा किसी अन्य गंभीर आपात स्थिति में 112 पर सूचना देकर पुलिस की मदद ली जा सकती है।

