
रांची। नेशनल हाइवे कंस्ट्रक्शन साइट पर लेवी के लिए फायरिंग की योजना विफल करते हुए पलामू जिले की चैनपुर पुलिस ने मंगलवार देर रात राहुल दुबे गैंग के चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। मंगरदाहा घाटी से सभी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों में सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मोहम्मद सैफ और शाहिद खलीफा एवं युसुफ अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्तौल, 12 जिंदा गोली, दो मैगजीन, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।



एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंगलवार देर रात कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियार के साथ मंगरदहा घाटी में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने पुलिस बल के साथ मंगरदहा घाटी के कचड़ा डिपो के पास घेराबंदी कर इन चारों आरोपितों को धर दबोचा। पूछताछ में सामने आई कि ये सभी आरोपी सतबरवा थाना क्षेत्र के लहलहे स्थित नेशनल हाइवे कंस्ट्रक्शन साइट पर चल रहे काम से लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे। अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और लेवी वसूलने के उद्देश्य से ही वहां एकत्र हुए थे।
गिरफ्तार अपराधी सईद को राहुल गैंग के सक्रिय सदस्य प्रकाश शुक्ला से बात हुई थी और उसने ही लेवी के लिए कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग करने की योजना बनायी थी। गोली चलाने के लिए डेढ़ लाख रुपये भी देने की बात कही गई थी।

