
हजारीबाग। हजारीबाग के पूर्व सांसद, वरिष्ठ भाजपा नेता महावीर लाल विश्वकर्मा के निधन से भाजपा परिवार सहित पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आनंद देव, शिवलाल महतो, सुनील मेहता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



सांसद मनीष जायसवाल ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि महावीर लाल विश्वकर्मा जी का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत पीड़ादायक है। वे हम सभी के अभिभावक तुल्य थे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव मिलता रहा। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, ईमानदारी, सामाजिक प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। हजारीबाग की राजनीति और भाजपा संगठन में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
आदित्य साहू ने कहा कि महावीर लाल विश्वकर्मा का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन, समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, वैचारिक प्रतिबद्धता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा हम सभी कार्यकतार्ओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनका जाना पार्टी के लिए एक ऐसे मार्गदर्शक का चले जाना है, जिनकी कमी हमेशा महसूस होगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि महावीर लाल विश्वकर्मा केवल एक वरिष्ठ राजनीतिक व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित राजनीति के मजबूत स्तंभ थे। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और सिद्धांतों के प्रति अडिग रहने का उदाहरण रहा है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समाज और संगठन को जो दिशा दी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अनुकरणीय रहेगी।

