पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने बहुत कम उम्र में अपनी प्रतिभा को देश और दुनिया के समक्ष प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा “मैं बधाई देता हूं कि मैथिली ठाकुर जैसी युवा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहीं हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दो तिहाई बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाने जा रही है। राजग के पांचों दलों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में सीटों का बंटवारा कर लिया है, जबकि विपक्ष केवल सगुफा दे रहा है। उन्होंने कहा कि पांच पांडवों की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन चट्टानी एकता के साथ आगे बढ़ रही है।
अलीनगर से चुनावी मैदान में उतरने की अटकलें
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी अलीनगर सीट से मौजूदा विधायक मिश्रीलाल यादव का टिकट काटकर एक युवा और लोकप्रिय चेहरा उतारने पर विचार कर रही है। वैसे, मिश्रीलाल यादव पहले ही बीजेपी से इस्तीफा दे चुके हैं। अगर मैथिली ठाकुर को टिकट मिलता है, तो यह बिहार की लोक-संस्कृति से जुड़ी किसी प्रसिद्ध गायिका का सीधे राजनीतिक मैदान में उतरने का पहला मामला होगा। बीजेपी उनके बड़े फैन बेस और मिथिला क्षेत्र में उनकी गहरी लोकप्रियता को भुनाना चाहती है।
दरअसल, मैथिली ठाकुर ने बीते दिनों भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार के संगठन प्रभारी विनोद तावडे और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की थी। तभी से उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगातार लगाई जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि मैथिली ठाकुर का जन्म बिहार के मधुबनी जिले में बेनीपट्टी में हुआ था। वह एक मैथिल संगीतकार और संगीत शिक्षक रमेश ठाकुर और भारती ठाकुर की बेटी हैं। मैथिली ठाकुर इसी साल जुलाई में 25 साल की हुई हैं। साल 2011 में महज 11 वर्ष की उम्र में मैथिली ने गीत-संगीत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और तब से वह इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version