
रांची। रांची नगर निगम की सेवाएं अब लोगों को अपने घर के आसपास ही मिल सकेंगी। नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए निगम मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसी उद्देश्य से शुक्रवार, दो अक्टूबर से शहर के पांच क्षेत्रों में नये अंचल कार्यालय शुरू किए जा रहे हैं।
इन कार्यालयों में संबंधित क्षेत्र के नागरिकों के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, होल्डिंग, ट्रेड लाइसेंस समेत निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के आवेदन लिए जाएंगे और उनका निष्पादन भी किया जाएगा। निगम की ओर से वार्ड 21 स्थित सामुदायिक भवन बड़ा तालाब, वार्ड 32 के पंचायत कार्यालय पंडरा, वार्ड छह के सामुदायिक भवन बांधगाड़ी, वार्ड 40 के सेक्टर-3 बाजार स्थित सामुदायिक भवन और वार्ड 53 के तुपुदाना में अंचल कार्यालय शुरू किया जा रहा है। इन कार्यालयों के माध्यम से संबंधित इलाकों में कूड़ा उठाव, नाली सफाई समेत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों और आवेदनों का भी निपटारा किया जाएगा।
अंचल कार्यालयों के संचालन की तैयारी को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने गुरुवार को निगम सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि नागरिकों के आवेदन और शिकायतों का नियमानुसार समय पर निष्पादन किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
