रांची। झारखंड के पांच और राजनीतिक दलों का पंजीकरण रद करते हुए उन्हें पंजीकृत राजनीतिक दलों की सूची से हटाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया के तहत उन राजनीतिक दलों को नोटिस जारी कर पक्ष रखने का मौका देने के निर्देश राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दिया है।

आयोग ने दूसरे चरण में छह वर्षों से चुनाव नहीं लड़ने वाले देश के 476 राजनीतिक दलों की पहचान कर उन्हें सूची से हटाने का निर्णय लिया है, जिनमें पांच झारखंड के हैं। हालांकि, इसमें कौन-कौन से राजनीतिक दल सम्मिलित हैं, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। बताते चलें कि इससे पहले आयाेग ने नौ अगस्त को 334 राजनीतिक दलों को पंजीकृत राजनीतिक दलों की सूची से बाहर किया था, उनमें भी पांच झारखंड के थे।

इनमें देवघर के भारत विकास मोर्चा, पलामू के भारतीय जनमुक्ति पार्टी एवं मानव मुक्ति मोर्चा, गढ़वा के नवजवान संघर्ष मोर्चा तथा रांची के राष्ट्रीय मजदूर किसान प्रजातांत्रिक पार्टी सम्मिलित थे। अब ये राजनीतिक दल चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version