मुंबई, दो अगस्त (भाषा) : घरेलू शेयर बाजार में पिछले पांच सत्रों से जारी तेजी का दौर शुक्रवार को थम गया और वैश्विक स्तर पर बिकवाली के दबाव में बाजार के प्रमुख सूचकांक बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स में करीब 886 अंक और निफ्टी में 293 अंक की गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 885.60 अंक यानी 1.08 प्रतिशत फिसलकर 80,981.95 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 998.64 अंक गिरकर 80,868.91 अंक तक आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 293.20 अंक यानी 1.17 प्रतिशत गिरकर 24,717.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 324.05 अंक फिसलकर 24,686.85 पर आ गया था।

इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले पांच दिनों से जारी तेजी का सिलसिला थम गया। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी ने लगातार नए रिकॉर्ड स्तरों को हासिल किया।

मेहता इक्विटीज लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘वैश्विक शेयर सूचकांकों में गिरावट के कारण घरेलू बाजारों में भी निवेशकों को इसका असर महसूस हुआ और उन्होंने मुनाफावसूली का सहारा लिया। हाल की तेजी ने भारतीय शेयरों को काफी महंगा बना दिया है लिहाजा इसमें थोड़ी गिरावट जरूरी थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि हमारी जुझारू अर्थव्यवस्था और मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ कंपनियों की आय के अच्छे आंकड़े गिरावट को सीमित रखेंगे।’’

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version