
रांची। जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फोन पे और गुगल पे के जरिए लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है।पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर थाना की विशेष टीम ने करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एसपी शंभु कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी कर करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गांव मट्टांड़ स्थित विष्णु मंडल के घर पर छापेमारी के दौरान दो अपराधियों को साइबर ठगी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सियाटॉड और झिलुवा जंगल क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया. दूसरी ओर नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में किशोर दास के घर पर छापेमारी कर दो अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास और विश्वजीत दास शामिल हैं। विश्वजीत दास मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर का निवासी है, जो वर्तमान में लोकनियां गांव में रह रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। एसपी ने कहा कि बरामद सामान के आधार पर पुलिस को बड़े साइबर नेटवर्क के संचालन की आशंका है. जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को क्रेडिट और डेबिट कार्ड बंद होने का झांसा देते थे। इसके बाद वे लोगों से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर फोनपे और गूगल पे के माध्यम से ठगी की वारदात को अंजाम देते थे. इसके अलावा बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काटने की धमकी देकर भी लोगों को ठगते थे। इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 29/26 एवं 30/26 दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है।
