
कोडरमा। कोडरमा थाना अंतर्गत जलवाबाद स्थित एक मकान के ऊपर बने कपड़े के गोदाम में मंगलवार की सुबह अचानक आग लग जाने से गोदाम में रखा करीब 40 लाख का कपड़ा जलकर राख हो गया। मामले की जानकारी देते हुए गोदाम मालिक शमशाद आलम ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ अपने घर में सोए हुए थे।
इसी दौरान नमाज पढ़ने जा रहे घर के बगल के लोगों ने देखा कि उनके घर के ऊपर के हिस्से में तेज आग लगी हुई है। इसके पश्चात उन लोगों ने उनके छोटे भाई प्रिंस को इसकी सूचना दी। प्रिंस ने फोन कर इन्हें आगजनी की जानकारी दी। शमशाद ने बताया कि प्रिंस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वे आनन-फानन में उठे और घर के बाहर आकर देखा कि उनके छत पर आग की तेज लपट उठ रही थी।
उन्होंने सबसे पहले बिजली के मेन कनेक्शन को कट किया और आसपास के लोगों को शोर मचाकर उठाया। इसके पश्चात आसपास के लोगों की ओर से आग बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन आग की लपट तेज होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। जिसके बाद अग्निशमन वाहन उनके घर पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शमशाद ने बताया कि इस अगजनी में उन्हें करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिसमें 35 लाख रुपये का कपड़ा जला है, जबकि 5 लाख रुपये का फर्नीचर भी जलकर खाक हो गया है। उन्होंने बताया कि शादी के लगन के मद्देनजर उन्होंने ग्राहकों के डिमांड पर यह सारा माल मंगाकर घर के ऊपर बने गोदाम में स्टॉक करके रखा था। हालांकि उन्होंने बताया कि इस गोदाम का उन्होंने बीमा करवा कर रखा था, जिससे इन्हें राहत है।
