
रांची। एक डीएसपी पर उसकी ही पत्नी ने मारपीट और दहेज उत्पीड़न को लेकर रांची के सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। डीएसपी पर आरोप है कि वह पत्नी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था और पैसे की डिमांड कर रहा था। रांची के सदर थाना में दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि आवेदन में मारपीट और उत्पीड़न के आरोप लगाए गए है, उसी के आधार पर एफआईआर दर्ज की गयी है।



डीएसपी पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाने वाली महिला झारखंड में ही अधिवक्ता हैं। अपने आवेदन में उन्होंने बताया है कि उनके डीएसपी पति रामप्रवेश कुमार जो फिलहाल बोकारो जिला में तैनात हैं, पैसे को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट किया करते थे। घर में कई दिनों तक कैद करके उन्हें रखा जाता था।
महिला के अनुसार एक दिन उसने अपने पति से कहा कि वह अपने मायके जाकर पैसे लेकर आएगी जिसके बाद उसे छोड़ा गया। घर से निकल कर वह सीधे सदर थाना पहुंची और अपने डीएसपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाया. पीड़ित महिला के अनुसार डीएसपी रामप्रवेश कुमार और उनकी शादी इसी साल मार्च महीने में हुई थी।
पीड़ित महिला के अनुसार शादी के कुछ दिन के बाद ही उनके डीएसपी पति के द्वारा उसपर तरह-तरह के जुल्म करना शुरू कर दिया था। वह चाह कर भी अपने ससुराल से भाग कर नहीं निकल पा रही थी. पैसे को लेकर सबसे ज्यादा उससे मारपीट और प्रताड़ित किया जा रहा था। पैसे लाने के बहाने ही वह अपने पति के चुंगल से छुटी और भाग कर थाने पहुंची. महिला के द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर अब सदर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

