
पटना। बिहार के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है और 100 बच्चे हुए बेहोश। इस भीषण गर्मी की वजह से बेगूसराय जिले के मटिहानी प्रखंड के मटिहानी मध्य विद्यालय और शेखपुर जिले के मध्य विद्यालय मनकौल में 30 से अधिक छात्राएं बेहोश हो गईं, जिन्हें रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि मध्य विद्यालय मटिहानी में पूर्वाह्न 10:00 बजे के करीब स्कूली छात्राएं बेहोश होकर गिरने लगीं। प्रधानाध्यापक चंद्रकांत सिंह ने तत्काल विद्यालय में ही ओआरएस का घोल दिया गया लेकिन इसके बावजूद बेहोश होने का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद सभी छात्राओं को मटिहानी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, 14 छात्राओं का इलाज मटिहानी रेफरल अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा बलिया के एक निजी स्कूल में गर्मी की वजह से पांच बच्चे बेहोश हो गए। इनमें दो को हालत गंभीर में निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है।
स्कूल के प्रधानाध्यापक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी है। विद्यालय में पंखे भी हैं। बिजली के साथ जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। इसके बावजूद गर्मी की वजह से छात्राएं बेहोश होने लगीं। हालत बिगड़ने के बाद सभी बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में जिलाधिकारी का कहना है की मामले की सूचना मिली है। इलाज की व्यवस्था करवाई जा रही है।
इधर, शेखपुरा जिले में भीषण गर्मी की वजह से मध्य विद्यालय मनकौल में पढ़ने वाली 12 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। एक के बाद एक छात्राएं बेहोश होकर गिरने लगीं। घटना के बाद शिक्षकों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कुछ छात्राओं को सदर अस्पताल लाया गया। दो छात्राओं को निजी क्लीनिक में भी भर्ती कराया गया है।
हीट वेव के कारण बिहार में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री दर्ज किया गया है. बढ़ती गर्मी के कारण बेगूसराय, जमुई, नालंदा, शेखपुरा, मोतिहारी, मुंगेर, बांका, शिवहर जिले के करीब 100 से अधिक बच्चे गर्मी के कारण स्कूल में ही बेहोश हो गए. सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सभी की हालत ठीक है लेकिन अभिभावक की ओर से शिक्षा विभाग पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मुंगेर में छात्र और शिक्षक बेहोश: मुंगेर में भी कई छात्राओं के बेहोश होने की सूचना है. धरहरा प्रखंड के तीन स्कूलों में करीब आधा दर्जन छात्र बेहोश हो गए हैं जिसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. हेमराजपुर में परीक्षा के दौरान एक शिक्षक की भी बेहोश होने का मामला सामने आया है. शिक्षकों को भी प्राथमिकी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
बांका में रसोइया बेहोश: बांका जिले में सरकारी स्कूल के एक रसोइया भी बेहोश होकर गिर गई है. मामला जिले शंभूगंज प्रखंड के मिजार्पुर प्रोन्नत मध्य विद्यालय का है। खाना बनाने के दौरान रसोइया अचानक बेहोश होकर किचन में ही गिर गई. शिक्षकों की नजर पड़ी तो उसे आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया. रयोइया की तबीयत ठीक है. रजौन प्रखंड में 2 छात्र, अमरपुर में दो छात्र, शंभूगंज में 5 छात्र और चांदन में एक छात्र बेहोश हो गए हैं।
जमुई में भी तबीयत बिगड़ी: जमुई के सरकारी स्कूल उत्क्रमित मध्य विद्यालय के कुल बच्चे और दूसरा जमुई के बरहट में कन्या मध्य विद्यालय के तकरीबन 10 छात्राएं और इसी स्कूल की शिक्षिका सीमा कुमारी और स्वीटी कुमारी भी गर्मी के कारण बेहोश हो गई. इस घटना के बाद से स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. प्राथमिकी इलाज के बाद सभी की हालत ठीक है.
मुंगेर में आधा दर्जन छात्र छात्राएं बेहोश: मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड के कई स्कूलों में बुधवार को आधा दर्जन से अधिक छात्र छात्राएं बेहोश हो गई। छात्र-छात्राओं को पानी पिलाया गया और फिर स्थिति सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया. घर पहुंचने पर अभिभावकों ने साफ मना कर दिया है कि जब तक स्कूल की टाइमिंग नहीं सुधारी जाएगी बच्चों को स्कूल नहीं भेजा जाएगा।
नालंदा में दो महिला पुलिसकर्मी बेहोश: इसके अलावे नालंदा में दो महिला पुलिसकर्मी और एक स्कूली छात्रा बेहोश हो गई. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मोतिहारी के सरकारी स्कूल में एक प्रिंसिपल की भी बेहोश होने का मामला सामने आया है. शिवहर में भी दो बच्चे के बेहोश होने की घटना सामने आयी है.
