बिहारशरीफ। नालंदा जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग कर दी। बुधवार की रात पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप हुई इस घटना में गोली लगने से उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं।

उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वैन के जरिए शराब की बड़ी खेप नालंदा जिले में लाई जा रही है। सूचना के मुताबिक, वाहन खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ रहा था। इसके बाद पटना से आई ईआईबी की टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की।
टीम पिकअप को रोकने और घेरने के लिए पीछा कर रही थी। इसी दौरान पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप अचानक फायरिंग हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब तस्करों के लिए रेकी कर रहे लाइनर ने टीम पर गोली चलाई, जो सिपाही अजीत कुमार को लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े।

गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर शराब तस्कर और कथित लाइनर पिकअप वाहन समेत फरार हो गए। घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। पावापुरी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी : उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। हाईवे और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सिपाही की मौत से पुलिस और उत्पाद विभाग के महकमे में हड़कंप मच गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version