
धनबाद। वासेपुर के भूली मोड़ पर दो दिन पहले गैंगस्टर खान के भाई शानू खान समेत एक दुकानदार और महिला पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले अपराधियों की तलाश में बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब डेढ़ दर्जन राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भूली मोड़ गोलीकांड का शूटर चंदन ठाकुर दो गोलियां लगने से घायल हो गया। वहीं पुलिस से बचकर भागने के दौरान बाइक चालक प्रिंस कुमार खदान में गिर गया, जिससे उसे भी गंभीर चोट आई। दोनों को इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि प्रिंस खान गिरोह और धनबाद पुलिस के बीच शह-मात का खेल जारी है। दो दिन पहले 21 सितंबर को वासेपुर के भूली मोड़ पर दो बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर धनबाद पुलिस को चुनाैती दी थी।



बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ से धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान के गुर्गों का हिसाब कर दिया है। जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के छोटकी बौआ के पास बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसी में अपराधी शरण लिए हुए थे। इस दौरान पुलिस के साथ हुई फायरिंग में दो अपराधी घायल हो गए। वहीं, दो अपराधियों को पकड़ा गया है। सूचना यह भी है कि इन अपराधियों के पास से पुलिस को एक पिस्टल भी मिली है। कुल मिलाकर चार अपराधी पकड़े गए हैं।
घायल अपराधियों के बार में बताया जाता है कि वे प्रिंस खान गिरोह के लिए काम करते हैं। दो दिन पहले वासेपुर के भूली मोड़ के पास इन्हीं अपराधियों ने फायरिंग की थी। दरअसल, गैंगस्टर फहीम खान के भाई शानू खान को लक्ष्य बनाकर करीब 10 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाई गई थीं। इस गोलीबारी में शानू के साथ ही एक दूध कारोबारी और एक महिला राहगीर घायल हो गए थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बंद पड़े स्कूल में अपराधी शरण लिए हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। अपराधियों ने पुलिस को देख फायरिंग कर दी। अपराधियों की गोलीबारी में ईस्ट बसुरिया की पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन का शीशा टूट गया। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।

