
जमशेदपुर। जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में फायरिंग के मामले में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। हथियार बरामद कराने के दौरान पुलिस से पिस्टल छीनकर फायरिंग करने वाले दो आरोपित शूटर अजीत मंडल और मोहन यादव पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घटना मरीन ड्राइव स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास करीब साढ़े तीन बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में हिरासत में लिये गये अजीत और मोहन को हथियार बरामद कराने के लिए फागु बाबा श्मशान घाट के पास ले जाया गया था। दोनों ने पहले लोडेड पिस्टल वहां फेंकने की बात बतायी। पुलिस की मौजूदगी में हथियार बरामद करने के दौरान दोनों ने अचानक पिस्टल उठा ली और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस टीम ने खतरे को भांपते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजीत के बाएं और मोहन के दाएं पैर में गोली लगी।
गोली लगने के बाद दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में रखा है। घटनास्थल से दो पिस्टल भी बरामद की गयी हैं। पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि मरीन ड्राइव रेस्टोरेंट फायरिंग की साजिश में इनके अलावा कौन-कौन लोग शामिल हैं और हथियार कहां से उपलब्ध कराये गये थे।
बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग में चार लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने शूटरों और साजिश में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी थी। अब दो शूटरों के पुलिस पर ही गोली चलाने के बाद हुई कार्रवाई से मामले की जांच को नया सुराग मिलने की उम्मीद है।

