
रांची। अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के धनबाद में व्यापक कार्रवाई करते हुए 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
ईडी की 25 टीमों ने कोयला कारोबारी अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव तथा उनके सहयोगियों के परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया।
प्रारंभिक जांच में ईडी ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये नकद के अलावा 150 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक बैलेंस, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय निवेश जब्त किए हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में अचल संपत्तियों से जुड़े सेल डीड भी बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एजेंसी सभी दस्तावेजों और निवेश संबंधी रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद जब्ती और कार्रवाई की पूरी तस्वीर सामने आएगी।
ईडी ने इस कथित कोयला घोटाले में चार अलग-अलग प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच एजेंसी को संदेह है कि एलबी सिंह और उनके सहयोगियों ने अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की।
इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने एलबी सिंह और उनके सहयोगियों के धनबाद एवं दुमका स्थित करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में दो करोड़ 20 लाख रुपये नकद और 150 से अधिक जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे। उन्हीं दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के सत्यापन के बाद ईडी ने अब यह ताजा कार्रवाई की है।
