
रांची : जमीन घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने अब रांची के एक बड़े जमीन माफिया कमलेश सिंह के आवास पर छापा मारा है।
उसके कांके रोड में चांदनी चौक स्थित एस्टर ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट से छापेमारी में ईडी को एक करोड़ रुपये नकदी के अलावा 100 कारतूस मिले हैं, जिसे जब्त किया गया है। कांके रोड के एस्टर ग्रीन अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 603 सी है, जहां से यह बरामदगी हुई है।
ईडी को यहां भारी मात्रा में जमीन की खरीद-बिक्री व निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले हैं, जिसकी छानबीन चल रही है। संभव है देर रात तक कमलेश सिंह की गिरफ्तारी हो जाए। कमलेश का बड़े अधिकारियों से भी बेहतर संबंध रहा है।
झारखंड के पूर्व डीजीपी डीके पांडेय की पत्नी के नाम पर ली गई कांके स्थित जमीन के मामले में भी कमलेश का नाम सामने आया था। उसने जमीन के कागजात में हेराफेरी कर कई अन्य अधिकारियों को भी जमीन दिलाई है।
उससे जमीन खरीदने वाले पूर्व में विवाद में भी फंसे थे। कमलेश सिंह महज दस वर्षों में ही फोटो जर्नलिस्ट से जमीन का बड़ा माफिया बन गया।
उसने रांची में सीएनटी प्रकृति की आदिवासी जमीन को जेनरल बनाकर बेच डाला। इतना ही नहीं, उसने सरकारी भूमि के कागजात में भी हेराफेरी कर करोड़ों रुपये में उसका सौदा कर दिया।
उसने कई विवादित जमीन की खरीद-बिक्री की और इस मामले में पूर्व में रांची पुलिस के हाथों गिरफ्तार कर जेल भी जा चुका है, जहां से छूटने के बाद फिर से वह अपने इसी धंधे में लगा रहा।
