मुंबई । विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, वैश्विक स्तर पर ट्रेड वॉर बढ़ने की आशंका और घरेलू मोर्चे पर तीसरी तिमाही के मिले-जुले नतीजे के कारण भारतीय शेयर बाजार आज बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर खरीदारी भी हुई, लेकिन इसके बाद चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.28 प्रतिशत और निफ्टी 1.38 प्रतिशत के गिरावट के साथ बंद हुए। इस कमजोरी के कारण शेयर बाजार में कोहराम मच गया और एक झटके में निवेशकों के लगभग 10 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। रियल्टी सेक्टर पर आज सबसे बड़ी गाज गिरी। पूरे दिन के कारोबार के बाद रियल्टी इंडेक्स 5 प्रतिशत तक टूट गया। इसी तरह आईटी, मेटल, मीडिया, ऑटोमोबाइल, ऑयल एंड गैस, पीएसयू बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल और फार्मास्यूटिकल सेक्टर में भी 1.50 प्रतिशत से लेकर 2.50 प्रतिशत तक की कमजोरी दर्ज की गई। इसके अलावा कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 2.52 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.74 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई जोरदार गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब दस लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 455.78 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 465.68 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 9.90 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,402 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 783 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,498 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 121 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,923 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 400 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,523 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version