रांची। राज्य में जल्द ही योग्य पुलिस निरीक्षकों की डीएसपी में प्रोन्नति हो जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने प्रोन्नति वाले डीएसपी के स्वीकृत पद को भी बढ़ा दिया है। पहले जहां प्रोन्नति से भरे जाने वाले डीएसपी के 167 स्वीकृत पद थे, वे अब बढ़ाकर 194 कर दिए गए हैं। यानी स्वीकृत पद में 27 की बढ़ोतरी हुई है। इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया गया है। प्रोन्नति से भरे जाने वाले डीएसपी के स्वीकृत 194 पदों में वर्तमान में 130 अधिकारी कार्यरत हैं। कुल 64 पद रिक्त हैं, जिसके लिए राज्य सरकार ने पुलिस मुख्यालय से पत्राचार किया है।

अब पुलिस मुख्यालय से योग्य पुलिस निरीक्षकों के नामों की सूची राज्य सरकार को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके आधार पर प्रोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जिन 64 रिक्त पड़े पदों पर पुलिस इंस्पेक्टरों को प्रोन्नति मिलेगी, उनमें 61 पद अनरक्षित श्रेणी के हैं। अनुसूचित जनजाति के एक और अनुसूचित जाति के दो पद को शामिल किया गया है।

डीएसपी में प्रोन्नति के लिए राज्य सरकार की गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस मुख्यालय से रिक्त पड़े 37 पदों के लिए योग्य पुलिस इंस्पेक्टर के नामों की सूची मांगी थी। पद में वृद्धि के बाद अब नए सिरे से पुलिस मुख्यालय से पत्राचार किया गया है। बेहतर कार्यकाल और डीएसपी में प्रोन्नति के नियम और शर्तों को पूरा करने वाले पुलिस इंस्पेक्टरों को इस प्रोन्नति का लाभ मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version