
रांची। देवघर में जल संसाधन विभाग के ऑफिस में शराब पार्टी का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में सरकारी कर्मचारी शराब और सिगरेट पीते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में विभाग के प्रधान लिपिक राजेंद्र प्रसाद मंडल और अनुसेवक करण सिंह अन्य लोगों के साथ शराब पीते दिख रहे हैं। वे सिगरेट भी पी रहे थे।
वीडियो में थोड़ी-थोड़ी पिया करो गाना चल रहा है। ऐसा लग रहा है कि कर्मचारी बेफिक्र होकर शराब पार्टी कर रहे हैं और गाने पर रील्स बना रहे हैं। शराब पार्टी मंत्री हफीजुल हसन के जिले में हो रही है। मंत्री जी भले ही दिल्ली में इलाज करा रहे हैं, लेकिन उनके विभाग के कर्मचारी मस्ती कर रहे हैं।
इससे पहले पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी एक सरकारी कर्मचारी आॅफिस में सिगरेट पीते हुए पकड़ा गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उस पर कार्रवाई करने के लिए कहा था. जिसके बाद 6 जुलाई को कर्मचारी जगमोहन सोरेन को सस्पेंड कर दिया गया था। अब देवघर में आॅफिस के अनुशासन को तोड़ने का मामला सामने आया है। देखना होगा कि सरकार इस पर क्या कार्रवाई करती है।
