
सासाराम । बिहार के रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों ने घर की छत पर सो रहे दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बेदा बनरसिया गांव में बेदा बस स्टैंड से पश्चिम नहर के पास हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों की पहचान ननकी देवी (40) और उनके पति मणि भूषण कुमार (45) के रूप में हुई है। मणि भूषण मूल रूप से पश्चिमी चंपारण के रहने वाले थे। दोनों बेदा मोड़ के पास एक दुकान चलाते थे। मृतका के परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच अचानक छत से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वह कमरे से बाहर निकलने लगा, लेकिन दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया गया था। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला। इसके बाद लोग छत पर पहुंचे, जहां ननकी देवी और मणि भूषण खून से लथपथ पड़े मिले। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।



पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने पहले परिजनों को कमरे के अंदर बंद करने के लिए बाहर से सिक्कड़ लगा दिया। इसके बाद छत पर सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, मणि भूषण ननकी देवी के दूसरे पति थे। करीब पांच वर्ष पहले ननकी देवी के पहले पति की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद ननकी देवी और मणि भूषण पहले साथ रहने लगे और बाद में शादी कर ली। ननकी देवी के चार बच्चे हैं। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या अन्य कारणों समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और वे किस रास्ते से पहुंचे तथा घटना के बाद किस दिशा में फरार हुए। मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दोहरे हत्याकांड की असली वजह और अपराधियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

