
दरभंगा। मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर बनाए गए वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी देवेन भारती मूलत: बिहार के दरभंगा निवासी हैं। उनके पिता त्रिपुरारी शरण आयकर अधिवक्ता और मां भारती श्रीवास्तव ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) दरभंगा में हिंदी की विभागाध्यक्ष थीं। पिता का 1993 और मां का बीते वर्ष मार्च में निधन हुआ।
वर्तमान में उनके घर पर कोई नहीं रहता है। वहां ताला बंद है। घर पर वर्षों से कोई नहीं आया है। सबसे बड़े देवेन तीन भाई और तीन बहन हैं। उनके एक छोटे भाई मृणाल भारती सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं। दूसरे भाई प्रणव भारती दिल्ली में नौकरी करते हैं। तीन बहनों में बड़ी अवनिता भारती पुणे में रहती हैं। दूसरी बहन मधुमिता मुंबई और सुष्मिता भारती मुजफ्फरपुर में रहती हैं।
देवेन ने पांचवीं तक मोहल्ले के विद्यालय से पढ़ाई की। इसके बाद उनका चयन आवासीय नेतरहाट स्कूल, रांची (झारखंड) में हो गया। रांची के सेंट जेवियर्स स्कूल से उन्होंने प्लस-टू किया।
फिर दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए और दिल्ली स्कूल आॅफ इकोनामिक्स से स्नातकोत्तर किया। 1994 बैच के आइपीएस देवेन की दो पुत्रियां है। इनमें रिया भारती गूगल में पदस्थापित हैं तो ऋषा भारती लंदन से ला की पढ़ाई कर रही हैं।
