वॉशिंगटन । अमेरिका और ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए एक व्यापक समझौते के करीब पहुंच गए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच व्यापक समझौता काफी हद तक तय हो चुका है। ट्रंप ने बताया कि इस समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, समझौता काफी हद तक तय हो चुका है, जिसे अमेरिका, ईरान और कई अन्य देशों के बीच अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

ट्रंप ने यह घोषणा कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, पाकिस्तान, जॉर्डन, मिस्र, तुर्की और बहरीन के नेताओं और अधिकारियों के साथ फोन पर बातचीत करने के बाद की। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ फोन पर अलग बात हुई है।

CNN ने मामले से जुड़े एक व्यक्ति के हवाले से बताया है कि सहमति पत्र के जिस ड्राफ्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है, उसके लागू होने पर ईरान के साथ दुश्मनी खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य को धीरे-धीरे फिर से खोल दिया जाएगा और ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नेवी की नाकेबंदी भी खत्म हो जाएगी।

ईरान का दावा- होर्मुज नहीं होगा आजाद
ईरान के सरकारी मीडिया ने होर्मुज स्ट्रेट पर ट्रंप के बयान को गलत बताया है। फार्स न्यूज ने बयान पर असहमति जताते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्ताव के ताजा मसौदे के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान के ही नियंत्रण में रहेगा। फार्स न्यूज ने कहा कि होर्मुज को फिर से खोलने के बारे में ट्रंप के दावे सच नहीं हैं और हकीकत से मेल नहीं खाते। आउटलेट ने कहा कि हालांकि, ईरान ने जहाजों की संख्या को युद्ध के पहले के स्तर पर वापस लाने की मंजूरी दे दी है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि युद्ध से पहले की तरह अब आजाद आवाजाही होगी।

ट्रंप की यह घोषणा इस सप्ताह का सबसे नया मोड़ है। इसी सप्ताह की शुरुआत में ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी कि उसके पास सीजफायर पर समझौते के लिए बहुत कम समय बचा है। बाद में उन्होंने बताया कि वह फिर से हमला शुरू करने वाले थे, लेकिन खाड़ी देशों के कहने पर उन्होंने इसे रोकने का फैसला किया।

पाकिस्तान आर्मी चीफ मुनीर का ईरान दौरा
ट्रंप की घोषणा पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के इसी सप्ताह ईरान दौरे के बाद हुई है। असीम मुनीर का ईरान दौरा शनिवार को ही खत्म हुआ है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ने मुनीर की ईरान यात्रा को बेहद कामयाब बताया है। बयान में कहा गया कि इस दौरे में किसी अंतिम सहमति तक पहुंचने की दिशा में उत्साहजनक प्रगति हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version