
जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 जुलाई को करमाटांड़ थाना क्षेत्रन्तर्गत एक साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 4.04 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, दो पासबुक, एक आधार कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव स्थित हटिया के पास पक्की सड़क पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नसरूद्दीन अंसारी (30), पिता सफिक अंसारी, ग्राम पंचरुखी, थाना मारगोमुंडा, जिला देवघर को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 43/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आईटी एक्ट तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताता था। वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी करने का झांसा देता था। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल में एपीके (APK) फाइल डाउनलोड कराकर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था। आरोपी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ बताया जा रहा है।




