
चतरा। पिपरवार थाना क्षेत्र स्थित कांटा घर के समीप गुरुवार सुबह अपराधियों ने खुलेआम गोलियां बरसाकर दहशत फैला दी। अशोक परियोजना के 06 नंबर कांटा घर के समीप हुई इस घटना में ट्रक मालिक बासुदेव गंझू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। जहां वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।सुबह में दो बाइकों पर सवार 05 से 06 नकाबपोश अपराधी अचानक मौके पर पहुंचे और बेंती तिलेटोंगरी निवासी बासुदेव गंझू को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध 04 से 05 राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद किए हैं और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है।हाल के दिनों में क्षेत्र में संदिग्ध पोस्टरबाजी की घटनाएं सामने आई थी। इसके बाद से ही किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही थी। अब दिनदहाड़े हुई फायरिंग को उसी सिलसिले की अगली कड़ी माना जा रहा है। शुरूआती जांच में घटना को लेवी वसूली या कोयला परिवहन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।




