
रामगढ़। जिले के पतरातू इंडस्ट्रीयल एरिया में निर्माणाधीन अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में अपराधियों ने गोलीबारी की। अपराधियों ने शनिवार की रात घटना को अंजाम दिया है। इससे क्षेत्र के व्यवसाईयों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार एक स्कूटी पर तीन अपराधी सवार होकर फैक्ट्री गेट पहुंचे थे।
अपराधियों ने पहले फैक्ट्री और आवासीय परिसर के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और पर्ची फेंकते हुए मौके पर से फरार हो गए। मुख्य गेट पर छह गोलियों के निशान पाए गए हैं। जबकि आवासीय परिसर गेट पर भी दो गोलियों के निशान मिले हैं।
घटनास्थल से बरामद पर्ची में हर-हर महादेव के नारे के साथ प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे के नाम का जिक्र करते हुए धमकी दी गई है। पतरातू पुलिस इस फायरिंग की घटना के बाद लगातार छापेमारी कर रही है।

