चतरा। झारखंड के चतरा जिले में हंटरगंज थाना पुलिस ने बिहार के गया जिले के 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी रामभज्जू यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध अपराधी चोरी की बोलेरो से बिहार के गोपालपुर, सैयपुर और मायापुर होते हुए हंटरगंज के जजलो बाजार की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद हंटरगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने मीरपुर कब्रिस्तान के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो को रोककर उसमें सवार व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ और वाहन की जांच में वह बोलेरो से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के रेबदा गांव निवासी रामभज्जू यादव के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 15 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कुछ मामले झारखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों से भी जुड़े बताए गए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर अपने कुछ सहयोगियों के साथ हंटरगंज क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

मामले को लेकर हंटरगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) के तहत कांड संख्या 164/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version