रांची: झारखंड में बढ़ती ठंड और शीतलहर की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बड़ा निर्णय लिया है। राज्य के सभी स्कूलों (सरकारी और निजी) को अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। इससे पहले प्रशासन की ओर से 5 और 6 जनवरी के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया था।

प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक स्कूल बंद

06 से 08 जनवरी 2026 तक राज्य के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। इन कक्षाओं पर लागू: यह आदेश प्री-नर्सरी और नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी छात्रों के लिए प्रभावी होगा। यह नियम सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और सभी निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।

शिक्षकों और परीक्षाओं के लिए नियम

भले ही छात्रों के लिए कक्षाएं बंद हैं, लेकिन सरकारी स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी स्कूल में उपस्थित रहेंगे। वे अपनी हाजिरी दर्ज करेंगे और इस अवधि में लंबित गैर-शैक्षणिक (प्रशासनिक) कार्यों को पूरा करेंगे।

प्री-बोर्ड परीक्षा के संचालन का निर्णय स्कूल प्रबंधन पर

जिन स्कूलों में इस अवधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वहां स्कूल प्रबंधन अपने विवेक से परीक्षा के संचालन का निर्णय ले सकता है। सक्षम प्राधिकार को परीक्षा जारी रखने या टालने की अनुमति दी गई है। यह आदेश विभागीय सचिव के अनुमोदन के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है ताकि कड़ाके की ठंड में बच्चों को राहत मिल सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version