औरंगाबाद। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने औरंगाबाद में 554 करोड़ रुपये से ज्यादा की 195 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यह सब उनकी प्रगति यात्रा के दौरान हुआ। 79 योजनाएं शुरू हो गईं, जिनकी लागत 127.43 करोड़ रुपये है। 116 नई योजनाओं की नींव रखी गई, जिन पर 428.76 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सीएम नीतीश ने औरंगाबाद की जनता को विकास का तोहफा दिया है। प्रगति यात्रा के दौरान औरंगाबाद जिले को 554 करोड़ रुपये से अधिक की 195 विकास योजनाओं का लाभ मिला। इनमें 79 योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिनपर 127.43 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। शेष 116 योजनाओं का शिलान्यास हुआ है और इनपर 428.76 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह विकास कार्य औरंगाबाद जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

औरंगाबाद के बेढनी पहुंचे सीएम नीतीश

प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने औरंगाबाद जिला अंतर्गत देव प्रखंड के बेढनी पंचायत में पंचायत सरकार भवन के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्ध‌घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर पुस्तकालय, मुखिया कक्ष, राजस्व कर्मचारी कार्यालय, पंचायत सचिव कक्ष आदि का जायजा लिया। ग्राम पंचायत बेढनी स्थित महादलित टोला का भ्रमण कर मुख्यमंत्री ने सात निश्चय योजना अंतर्गत निर्मित पक्की गली नली, हर घर नल का जल योजना, आवास योजना, मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, सामुदायिक भवन सह वर्कशेड का मुआयना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत भी की।

मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में पूजा अर्चना कर राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। सिंचाई कॉलोनी देव में प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण और मेडिकल कॉलेज औरंगाबाद के लिए चिहिन्त भूमि का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट मैप के माध्यम से प्रस्तावित सूर्य कुंड, देव से देव बाइपास (रिंग रोड) को जोड़नेवाली सड़क के निर्माण कार्य और नगर पंचायत देव में रिंग रोड के निर्माण कार्य के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

देव में रोड को लेकर अफसरों को निर्देश

नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यहां बननेवाले मेडिकल कॉलेज औरंगाबाद तक आवागमन सुगमता पूर्वक हो सके, इसके लिए बेहतर सड़क संपर्कता प्रदान करना सुनिश्चित कराएं। पर्यटन विभाग द्वारा देव स्थित सूर्य कुंड एवं रूद्र कुंड परिसर में कराए जा रहे विकास कार्यों का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्र कुंड का काफी अच्छे ढंग से विकास हो गया है। इसके चारों तरफ अच्छे ढंग से घाट भी बन गया है।

अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सूर्य कुंड में हमेशा पानी रहे, इसके लिए इसे और गहरा कराएं। सूर्य कुंड का सौंदर्यीकरण भी ठीक ढंग से हो ताकि यहां आनेवाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित रेडियल रोड निर्माण हेतु चिहिन्त स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी छठ पूजा से पहले इस रेडियल रोड का निर्माण कार्य पूर्ण कराएं। इस सड़क के बन जाने से छठ महापर्व के दौरान यहां आनेवाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि यहां देव में काफी प्राचीन एवं प्रसिद्ध सूर्य मंदिर है। यहां छठ पूजा के दौरान बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version