
रांची। प्रकृति ने झारखंड को पहाड़ों में शांत वादियों के साथ कलकल बहती निर्मल जलधारा के साथ कई नदियों और जलप्रपात का सौगात दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन और बच्चों के साथ इस प्राकृतिक खूबसूरती का नजारा लेने रांची के करीब 40 किलोमीटार दूर जोन्हा जलप्रपात पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद अपनी कार ड्राइव करते हुए जोन्हा फॉल पहुंचे। इस दौरान कार में उनके साथ पत्नी कल्पना सोरेन और बच्चे भी मौजूद थे। गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने खुद अपने मोबाइल से हेमंत सोरेन की वीडियो भी बनाया।



हेमंत सोरेन ने बाद में सोशल मीडिया पर इस यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा- आज रांची शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित जोन्हा फॉल की हरी-भरी वादियों के बीच कुछ पल बिताने का अवसर मिला। इस बीच वहां फलों का भी आनंद लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत भी हुई। सोरेन ने कहा कि प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है। मुख्यमंत्री कहा कि यह हमारी साझी धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड के किसी भी कोने में आप चले जाइए, प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों में आपका स्वागत करती दिखाई देगी। झारखंड की इस अनुपम धरती पर सभी सैलानियों का हार्दिक स्वागत है।

