भुरकुंडा (रामगढ़)। सौन्दा डी पंचायत भवन में गुरुवार को ग्राम पंचायत की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मुखिया उपेंद्र शर्मा और संचालन पंचायत सचिव खुशबू रानी ने किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 80वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर शनिवार को झंडोतोलन के बाद विशेष ग्राम सभा होगा। पंचायत भवन में झंडोत्तोलन मुखिया उपेंद्र शर्मा करेंगे, जबकि पंचायत सचिवालय में झंडोत्तोलन पंचायत समिति सदस्य कुमकुम देवी करेंगी। विशेष ग्राम सभा के दौरान दोपहर 2 बजे तक पंचायत के सभी बीएलओ मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने तथा नाम में आवश्यक सुधार का कार्य करेंगे। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के विकास कार्यों से संबंधित मौखिक एवं लिखित आवेदन भी ग्रामीणों से लिए जाएंगे।

बैठक में पंचायत स्तरीय पुस्तकालय समिति का गठन भी किया गया। समिति में मुखिया, पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य, दो प्रधानाध्यापक, एक सेवानिवृत्त शिक्षक, दो महिला समिति की सदस्य एवं पंचायत के दो शिक्षित युवाओं को शामिल करते हुए 10 सदस्यीय निगरानी समिति बनाई गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में अवरोध उत्पन्न किए जाने के मामले को लेकर ग्राम पंचायत की ओर से निर्वाचन आयोग को प्रबंधन, सौन्दा डी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया जाएगा। बैठक में पंचायत समिति प्रतिनिधि डब्लू पांडेय, उप मुखिया संजय भारती, वार्ड सदस्य एंजलिना एक्का, सुबोध रजक, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि गौतम पासवान, स्वयंसेवक संतोष रजक तथा जेएसएलपीएस महिला समूह बैंक सखी नीलम कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में ग्राम पंचायत सौन्दा डी की ओर से सभी पंचायतवासियों से अपील एवं निमंत्रण किया गया कि 15 अगस्त को सुबह 10:30 बजे पंचायत भवन में पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं विशेष ग्राम सभा में भाग लें तथा सभी सरकारी कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहयोग करें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version