रांची। रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र का है, जहां थाना के ठीक पीछे विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के पास दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीन ली गई। जानकारी के अनुसार, महिला बरियातू थाना के पास से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।

दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकी। घटना थाना से महज कुछ दूरी पर होने के कारण स्थानीय लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब थाना के आसपास ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के अन्य इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने रांची पुलिस से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपितों की पहचान की जाए और जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाए

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version