नई दिल्ली। कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन और गृह सचिव गोविंद मोहन को एक साल का कार्य विस्तार दिया गया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने सेवा विस्तार को मंजूरी दी। बुधवार को अलग-अलग आदेश में इसकी जानकारी दी गई। कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन अगले साल 30 अगस्त और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन अगले साल 22 अगस्त तक अपने पद पर बने रहेंगे। अर्थशास्त्र में पीएचडी प्राप्त पूर्व वित्त सचिव सोमनाथन ने 30 अगस्त 2024 को दो वर्ष के प्रारंभिक कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण किया था। वहीं, सिक्किम कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी गोविंद मोहन ने संस्कृति सचिव के रूप में कार्य करने के बाद अगस्त 2024 में यह पदभार ग्रहण किया था। यह उनकी प्रारंभिक सेवानिवृत्ति तिथि के बाद दूसरा कार्यकाल विस्तार है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. टी. वी. सोमनाथन 1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वे अर्थशास्त्र में पीएचडी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कॉस्ट अकाउंटेंट और कंपनी सचिव हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय, वित्त मंत्रालय, विश्व बैंक तथा तमिलनाडु सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। अर्थशास्त्र और लोक नीति पर उनकी तीन पुस्तकें तथा 80 से अधिक शोध लेख प्रकाशित हैं।

वहीं, गोविंद मोहन इससे पहले गृह मंत्रालय में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी), संस्कृति सचिव, अतिरिक्त सचिव तथा संयुक्त सचिव रह चुके हैं। वित्त मंत्रालय, कैबिनेट सचिवालय और अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी रहे गोविंद मोहन को प्रशासन, आर्थिक नीति और आंतरिक सुरक्षा का व्यापक अनुभव है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version