
मुंबई। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 965 अंक की बढ़त में बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 184 अंक चढ़कर खुलने के बाद सेंसेक्स पूरे दिन हरे निशान में रहा। अंत में यह 964.58 अंक (1.25 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 78,151.45 अंक पर बंद हुआ। दिन के सत्र में सेंसेक्स अपने पिछले बंद 77,186.87 से 183 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77370.77 पर खुला और एक समय यह 1,095.68 अंकों यानी 1.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,282.55 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 24,072.75 से 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,127.60 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान एक समय यह 294.55 अंक यानी 1.22 प्रतिशत की उछाल के साथ 24367.30 के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया था।हालांकि अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स दबाव में रहे और इनमें क्रमश: 0.41 प्रतिशत और 0.21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी प्राइवेट बैंक 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ शीर्ष लाभ कमाने वाला सेक्टर रहा, इसके बाद निफ्टी आईटी में 1.75 प्रतिशत, निफ्टी बैंक 1.63 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी में 1.38 प्रतिशत, निफ्टी आॅटो में 1.24 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। इसके अलावा, निफ्टी आॅयल एंड गैस, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी पीएसयू बैंक में भी बढ़त दर्ज की गई।इसके विपरीत, निफ्टी फार्मा में 1.40 प्रतिशत, निफ्टी हेल्थकेयर में 1.28 प्रतिशत, निफ्टी मेटल में 0.47 प्रतिशत और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इंडेक्स के दिग्गज शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक शामिल हैं। निफ्टी 50 में टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस और आईसीआईसीआई के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई, जबकि नुकसान उठाने वाले शेयरों में हिंडाल्को, डॉ रेड्डीज लैब्स, विप्रो, सन फार्मा, अपोलो हॉस्पिटल और मैक्स हेल्थकेयर शामिल रहे।




