
पटना । बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत दर्ज की। बीजेपी के ‘गढ़’ बांकीपुर में राजद का भी प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता अपनी जमानत तक नहीं बचा पाईं। इस हार को लेकर राजद के विधायक भाई वीरेंद्र यादव ने बड़ा बयान देते हुए कह दिया कि तेजस्वी यादव के आसपास रहने वाले कुछ लोगों को हटाना होगा।
विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि पार्टी को कुछ लोगों की वजह से नुकसान हो रहा है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि संगठन की कमजोरी की वजह से भी हमारी हार हुई है। पार्टी जिन लोगों को भरोसा करती है, उनका समाज में कोई वजूद नहीं है, पार्टी ऐसे लोगों पर भरोसा करती है। ऐसे लोगों को चिन्हित करने की जरूरत है। इन लोगों की वजह से समाज में राजद को लेकर नकारात्मक धारणा बन रही है।
भाई वीरेंद्र यादव ने नेताओं और पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में कई ऐसे चेहरे हैं, जो हमारे नेता (तेजस्वी यादव) के आजू-बाजू में बैठते हैं तो लोग कॉमेंट करते हैं। और जो असंसदीय शब्दों का प्रयोग करते हैं, वैसे लोगों को अपनी गाड़ी से निकाल देना चाहिए। गाड़ी में ऐसे लोगों को नहीं बैठाना चाहिए। और आजू-बाजू में भी नहीं बैठाना चाहिए। इन लोगों की वजह से पार्टी को काफी हानी हो रही है। ऐसे लोगों को हटाना होगा।
वहीं बांकीपुर चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि कहा कि यह परिणाम बीजेपी और एनडीए से जनता की नाराजगी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आरजेडी को परंपरागत रूप से वोट देने वाले कुछ मतदाताओं ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को वोट दिया होगा, क्योंकि वे उन्हें इस सीट पर बीजेपी को हराने में सक्षम सबसे मजबूत उम्मीदवार मानते थे।
