
पटना। अभ्यर्थियों पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर घिरे बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने अब अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने एक लोकोक्ति का उल्लेख किया था, जिसे इंटरनेट मीडिया पर तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी व्यक्ति या समूह की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था।



BPSC के एक्स हैंडल से परीक्षा नियंत्रक का सफाई वाला वीडियो जारी किया गया है। इसमें राजेश कुमार सिंह ने अपने बयान को लेकर खेद जताया और कहा कि यदि उनकी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है। उनके इस स्पष्टीकरण को विवाद को शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि छात्रों के विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने एक लोकोक्ति कही थी। उनका दावा है कि सोशल मीडिया पर उसे अलग संदर्भ में पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष या समूह को निशाना बनाना नहीं था।

