मुंबई । मुंबई महानगरपालिका में आगामी महापौर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा ने अपने पार्षद ऋतु तावड़े को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने औपचारिक रूप से ऋतु तावड़े के नाम का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से किए गए इस ऐलान के बाद ऋतु तावड़े जल्द ही मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। पार्टी नेतृत्व ने उनके नाम पर सहमति जताते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए आगे किया है। वहीं, महायुति गठबंधन के तहत उपमहापौर पद के लिए एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की ओर से पार्षद संजय घाड़ी को उम्मीदवार बनाया गया है। शिवसेना ने सवा साल के कार्यकाल के लिए उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया है। संजय घाड़ी भी कुछ ही देर में उपमहापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।इस फैसले से अब यह स्पष्ट हो गया है कि मेयर पद भाजपा के पास रहेगा, जबकि उपमहापौर पद शिवसेना को दिया गया है।बता दें कि ऋतु तावड़े की पहचान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में होती है। उन्होंने पहली बार 2012 में वार्ड नंबर 127 से चुनाव जीता था। इसके बाद, 2017 के बीएमसी चुनाव में वार्ड नंबर 121 से दोबारा चुनी गईं। 2026 बीएमसी चुनाव जो 15 फरवरी को हुआ था, में वह वार्ड नंबर 132 से चुनी गई थीं। इससे पहले वह बीएमसी एजुकेशन कमेटी की चेयर चेयरपर्सन रह चुकी हैं। वह पहले कांग्रेस में थीं; उन्होंने 2012 में भाजपा का दामन थामा था।वहीं, संजय घाड़ी मनसे चीफ राज ठाकरे के करीबी माने जाते हैं। वह पार्टी की स्थापना के समय से ठाकरे के साथ रहे, लेकिन बाद में शिवसेना का दामन थाम लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version