
रामगढ़। सीसीएल अरगडा क्षेत्र में व्याप्त बिजली-पानी की घोर किल्लत, गिद्दी-ए अस्पताल की लचर व्यवस्था, सीसीएल कॉलोनियों की बदहाली और सीसीएल अधिकारियों की मनमानी सहित अन्य मुददों को लेकर मंगलवार को भाजपा ने धरना-प्रदर्शन सह महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया। सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित धरना कार्यक्रम में अरगडा, सिरका, गिद्दी-ए, गिद्दी-सी, रेलीगढ़ा और गिद्दी वाशरी क्षेत्र के 14 पंचायतों से हजारों स्थानीय लोग शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र की लगभग एक लाख की आबादी बुनियादी सुविधाओं के लिए सीसीएल पर निर्भर है। इलाके के लोग पिछले करीब 25 दिनों से क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप्प होने से त्राहिमाम की स्थिति में हैं।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। लेकिन पिछले 25 दिनों से आपूर्ति बंद करके आम जनता को दूषित पानी पीने पर सीसीएल विवश कर रहा है। उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन के कुछ निरंकुश अधिकारी अपनी मनमानी से जनता को प्रताड़ित कर यहां की खनिज संपदा को लूटने में लगे हैं, जो बेहद शर्मनाक है।
जायसवाल ने प्रबंधन के दोहरे चरित्र को उजागर करते हुए कहा कि अपने अधिकारियों के लिए अलग और आम जनता के लिए अलग नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बहाने बनाकर आम लोगों को बिजली और पानी देने से मना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गिद्दी-ए सीसीएल अस्पताल में 05 डॉक्टर पदस्थापित हैं, लेकिन पूरी डिस्पेंसरी में मात्र एक बीपी मशीन है। जिससे यहां स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह लचर हो चुकी है। सीसीएल क्वार्टर की हालत इतनी दयनीय है कि निचले तबके के कर्मचारी नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन वर्षों से सीएसआर की राशि खर्च कर रहा है, लेकिन धरातल पर विकास शून्य है और जनजीवन बेहाल है।
वहीं धरने के बाद अरगडा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार अन्य आला अधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और सांसद की मांगों पर जल्द सुधार करते हुए जनहित में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि क्षेत्र में बिजली और पानी की स्थिति को आज से ही सुधार किया जा रहा है और आने वाले 10 महीनों के भीतर एक आधुनिक फिल्टरेशन प्लांट का निर्माण कराकर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने सीसीएल क्वार्टर और कॉलोनियों की दयनीय स्थिति में भी जल्द सुधार करने की बात कही।
मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, रामगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बबला, सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडे, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
